Jamshedpur: परसुडीह में हुए रवि यादव गोलीकांड में दो आरोपियों ने कोर्ट में किया सरेंडर, पुलिस रिमांड पर लेगी, दो अब भी फरार…

Jamshedpur news: परसुडीह थाना क्षेत्र के कीताडीह में रवि यादव पर हुए फायरिंग मामले में मंगलवार को दो आरोपियों ने अदालत में आत्मसमर्पण किया। सरेंडर करने वालों में घाघीडीह निवासी रेहान खान और कीताडीह निवासी नेहाल तिवारी शामिल हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक बढ़ते दबाव के कारण दोनों ने यह कदम उठाया।
इस मामले में पहले ही तीन आरोपी जेल भेजे जा चुके हैं। जांच में पता चला है कि हमला पूरी तरह पूर्व नियोजित था। 5 अगस्त की शाम रेहान और योगेश बाइक से पहुंचे थे जिनके पास चाइनीज चापड़ और उस्तरा था। स्कूटी से समीर, पांडू और नेहाल भी मौके पर आए और साजिश के तहत रवि यादव पर हमला किया।
पुलिस अब रेहान और नेहाल को रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी ताकि मामले से जुड़े और तथ्य सामने आ सकें। इसके लिए बुधवार को कोर्ट में आवेदन दिया जाएगा। वहीं योगेश और एक अन्य आरोपी अब भी फरार हैं जिनकी तलाश में छापेमारी जारी है।
उधर पुलिस ने अस्पताल में भर्ती घायल रवि यादव का बयान दर्ज किया। डॉक्टरों के अनुसार उसके शरीर में तीन गोलियां फंसी हैं जिन्हें फिलहाल निकाला नहीं जा सका है और उसकी हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।

