1 अक्टूबर से दो हिस्सों में बंटेगी टाटा मोटर्स, निवेशकों को मिलेंगे बराबर-बराबर शेयर…

Jamshedpur news: टाटा मोटर्स 1 अक्टूबर से आधिकारिक तौर पर दो अलग-अलग कंपनियों में विभाजित हो जाएगी। एक कंपनी वाणिज्यिक वाहनों (ट्रक और बस) पर फोकस करेगी जबकि दूसरी कंपनी पैसेंजर वाहनों (कार, इलेक्ट्रिक गाड़ियां और जगुआर लैंड रोवर) का कारोबार संभालेगी। जमशेदपुर का प्लांट नई बनने वाली वाणिज्यिक वाहन कंपनी का मुख्य केंद्र होगा।
कंपनी ने शेयरधारकों के लिए 1:1 के अनुपात में शेयर आवंटन की योजना बनाई है। यानी जिनके पास टाटा मोटर्स का एक शेयर है उन्हें विभाजन के बाद दोनों नई कंपनियों का एक-एक शेयर मिलेगा। दोनों कंपनियां शेयर बाजार में अलग-अलग सूचीबद्ध होंगी।
इस बड़े फैसले का उद्देश्य दोनों कारोबारों को अलग-अलग रणनीति के साथ आगे बढ़ाना और निवेशकों के लिए सही मूल्य प्रदान करना है। बंटवारे की पूरी प्रक्रिया सितंबर 2025 तक पूरी होने की उम्मीद है।


