जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र: जादूगोड़ा में CRPF की तिरंगा पदयात्रा, ग्रामीणों ने भी बढ़ाया कदम…

Jamshedpur news: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर जादूगोड़ा स्थित CRPF ग्रुप केन्द्र की ओर से देशभक्ति का संदेश देने के लिए तिरंगा पदयात्रा निकाली गई। सेकेंड कमान अधिकारी नीरज कुमार के नेतृत्व में और डीआईजी रमेश कुमार के निर्देशानुसार निकली इस यात्रा में 100 से अधिक जवानों व ग्रामीणों ने हिस्सा लिया।
पदयात्रा सासपुर बड़ा पहाड़ और राखाकॉपर मुख्य सड़क से होकर गुजरी। इस दौरान हाथों में तिरंगा लिए प्रतिभागी देशभक्ति के नारे लगाते हुए चल रहे थे। इसका उद्देश्य लोगों में देश के प्रति गर्व की भावना जगाना और तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करना था।
इसी कड़ी में भाजपा नेता मनोज प्रताप सिंह और सत्या तिवारी के नेतृत्व में राखाकॉपर में भी तिरंगा यात्रा आयोजित की गई। कार्यक्रम में डीआईजी रमेश कुमार, कमांडेंट पंकज सिंह, सीएमओ (एसजी) मीणा नवीन कुमार, उप कमांडेंट नीरज कुमार, सहायक कमांडेंट जाफर आलम व तरुण बेरा, सूबेदार मेजर रवि कुमार सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

