चुनाव आयोग पर फिर राहुल गांधी का आरोप, वोटर लिस्ट में धांधली, प्रियंका गांधी ने भी किया समर्थन…

Azad Reporter desk: लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि वोटर लिस्ट में धांधली और गलत पुनरीक्षण किया जा रहा है जबकि संविधान में ‘एक व्यक्ति, एक वोट’ का सिद्धांत स्पष्ट लिखा है। राहुल गांधी का कहना है कि इसे लागू करना चुनाव आयोग की जिम्मेदारी है।
संसद भवन के बाहर पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा “पिक्चर अभी बाकी है हम नहीं रुकेंगे। हम संविधान की रक्षा कर रहे हैं।” उन्होंने आरोप लगाया कि यह समस्या केवल एक-दो सीटों तक सीमित नहीं है बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर और व्यवस्थित तरीके से हो रही है। पहले उनके पास ठोस सबूत नहीं थे लेकिन अब पर्याप्त सबूत मौजूद हैं।
राहुल गांधी ने बिहार के दरौंदा में एक महिला की उम्र 124 साल दर्ज होने का मामला उदाहरण के तौर पर पेश किया और कहा कि ऐसे अनगिनत मामले सामने आए हैं।
राहुल गांधी के आरोपों का समर्थन करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि “किस तरह से फर्जी वोटर बनाए गए हैं नाम-पते और रिश्तेदारों के नाम तक फर्जी हैं।” उन्होंने कहा कि उनके भाई ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में सभी तथ्यों को विस्तार से रखा है।

