Jamshedpur: 55 करोड़ के जीएसटी घोटाले का मुख्य आरोपी पंचानन सरदार दो साल से लापता, परिवार गरीबी में दो वक्त की रोटी को मोहताज…

Jamshedpur news: 55 करोड़ रुपये के बड़े जीएसटी घोटाले का आरोपी पंचानन सरदार पिछले दो साल से गायब है। वहीं उसका परिवार गरीबी में जिंदगी गुजार रहा है और दो वक्त की रोटी के लिए संघर्ष कर रहा है। जांच एजेंसियां पंचानन को इस घोटाले का मुख्य आरोपी मानती हैं लेकिन असलियत में वह अपने घर नहीं पहुंचा और परिवार उसकी तलाश में जुटा है।
पंचानन के परिवार की आर्थिक स्थिति बेहद खराब है। उनके पिता मधुसूदन सरदार जो पूर्व शिक्षक हैं अपनी पेंशन पर घर चला रहे हैं। पत्नी सुखंती ट्यूशन पढ़ाकर परिवार का भरण-पोषण कर रही हैं। परिवार के छोटे बच्चे मनीषा और जयंती भी पिता के इंतजार में हैं।
पंचानन की बहन मिनती और भाई सचिन सरदार ने बताया कि पंचानन कभी कंपनी का मालिक नहीं था बल्कि सुपरवाइजर के पद पर 7 हजार रुपये मासिक वेतन पर काम करता था। नवंबर 2023 में अचानक जीएसटी टीम ने उनके घर छापेमारी की और पंचानन पर करोड़ों के फर्जीवाड़े का आरोप लगाया। इसके बाद से वह घर वापस नहीं आया।
पंचानन की पत्नी सुखंती ने कहा कि उन्हें भी इस बात पर भरोसा नहीं हो रहा कि उनके पति इस बड़े घोटाले में शामिल हैं। उनके अनुसार पंचानन घर पर कभी पैसा नहीं लाता था और उनके बीच इस बात को लेकर अक्सर तकरार होती थी।
झारखंड और देश के अन्य हिस्सों में चल रहे इस फर्जी जीएसटी इनवॉइस मामले में 730 करोड़ रुपये के बिल बनाकर सरकारी खजाने को 130 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया गया है। इस मामले में कई बड़े सिंडिकेट के सदस्य गिरफ्तार हैं लेकिन पंचानन सरदार अभी तक फरार है।
यह मामला झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के मुंडिया इलाके का है जहां पंचानन का परिवार गरीबी में जीवन यापन कर रहा है और वह अपने लापता सदस्य की तलाश में है।


