कोल्हान में बिजली विभाग का बड़ा अभियान: 776 घरों में छापेमारी, 77 बिजली चोरों पर FIR दर्ज…

Jharkhand: कोल्हान के तीनों जिलों में बिजली विभाग ने बकाया बिल और बिजली चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। बिजली महाप्रबंधक अजीत कुमार के निर्देश पर सोमवार को 776 घरों में छापेमारी की गई जिसमें 77 लोगों के खिलाफ बिजली चोरी के मामले दर्ज किए गए और 14 लाख से अधिक रुपये जुर्माना वसूला गया।
अजीत कुमार ने बताया कि जमशेदपुर, आदित्यपुर, घाटशिला और मानगो डिवीजन में कुल 366 घरों की जांच की गई जहां 42 लोगों पर FIR दर्ज हुई और 10 लाख 94 हजार रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला गया। वहीं चाईबासा अंचल के चाईबासा, चक्रधरपुर और सरायकेला में 432 घरों में छापेमारी की गई जहां 35 आरोपियों पर केस दर्ज किए गए और करीब 3 लाख 74 हजार रुपये का जुर्माना लिया गया।
बिजली विभाग ने साफ कहा है कि छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेगा। महाप्रबंधक अजीत कुमार ने लोगों से अपील की है कि वे अपने बकाया बिजली बिल का समय पर भुगतान करें ताकि वे किसी कानूनी कार्रवाई से बच सकें।
यह कार्रवाई बिजली चोरी और बकाया बिल वसूली को रोकने के लिए की गई है जिससे बेहतर और नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जा सके।


