1000259883

Ranchi: हरमू रोड का दिल दहला देने वाला हादसा! तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर ने ली तीन जानें, गुस्साए लोगों का बवाल – जानिए पूरा मामला…

खबर को शेयर करें
1000259883

Jharkhand: रांची के हरमू रोड स्थित BJP कार्यालय के सामने रविवार शाम हुए भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को दहला दिया। सफेद रंग की बेकाबू फॉर्च्यूनर कार ने एक के बाद एक कई वाहनों को टक्कर मारते हुए तीन लोगों की जान ले ली। मृतकों में एक युवती, एक महिला और एक मासूम बच्चा शामिल हैं। हादसे के बाद गुस्साई भीड़ ने गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की और चालक को पकड़कर पीटा।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक फॉर्च्यूनर कार (नंबर JH01FF-4545) अरगोड़ा चौक की ओर से रातू रोड की तरफ तेज रफ्तार में आ रही थी। कार बेकाबू होकर पहले एक ऑल्टो कार से टकराई फिर दो-तीन बाइक को रौंदते हुए सड़क की दूसरी ओर जाकर दीवार से जा भिड़ी।

इस दौरान एक महिला और एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। बच्चे की हालत इतनी गंभीर थी कि उसका सिर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दृश्य बेहद भयावह था। एक अन्य गंभीर रूप से घायल युवक ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

हादसे में ऑल्टो कार और कई बाइक भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं।

स्थानीय लोगों ने बताया कि गाड़ी चला रहा युवक मोहित है जो महावीर चौक अपर बाजार में स्थित ‘ग्रहरत्न’ नामक दुकान संचालक का बेटा है। गाड़ी आदर्श राज नामक व्यक्ति के नाम पर रजिस्टर्ड है जो राजकुमार प्रसाद के पुत्र बताए जाते हैं।

हादसे के बाद आक्रोशित भीड़ ने मोहित को पकड़कर जमकर पिटाई की जिसके बाद पुलिस ने उसे अपनी हिरासत में ले लिया।

साथ ही मौके पर पहुंचे अरगोड़ा थाना की पुलिस ने किसी तरह भीड़ को शांत करने की कोशिश की लेकिन देर तक हंगामा और अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

यह हादसा रांची में तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरनाक नतीजों का एक और सबूत है जिसने तीन परिवारों की खुशियां पलभर में छीन लीं।