उपराष्ट्रपति चुनाव : इंडी गठबंधन गैर-कांग्रेसी उम्मीदवार उतारने पर कर रहा विचार, एकजुट होकर लड़ने की रणनीति…

Azad Reporter desk: 9 सितंबर को होने वाले उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी इंडी गठबंधन बड़ा दांव चलने की तैयारी में है। सूत्रों के मुताबिक, गठबंधन गैर-कांग्रेसी उम्मीदवार उतारने पर विचार कर रहा है ताकि भाजपा विरोधी वोटों को एकजुट किया जा सके।
गुरुवार को कांग्रेस नेता राहुल गांधी के आवास पर हुई डिनर पार्टी और बैठक में इस मुद्दे पर चर्चा हुई। बैठक में कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, अखिलेश यादव, उद्धव ठाकरे, फारूक अब्दुल्ला, टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी और डेरेक ओ’ब्रायन सहित 14 विपक्षी नेता मौजूद रहे।
सूत्रों के अनुसार बैठक में पूर्व केंद्रीय मंत्री मार्गरेट अल्वा का नाम सामने आया लेकिन टीएमसी अपने उम्मीदवार उतारने को लेकर हिचकिचा रही है। पिछली बार तृणमूल कांग्रेस ने कांग्रेस उम्मीदवार अल्वा का समर्थन करने से इनकार कर दिया था जिसे इस बार ‘गलती’ न दोहराने पर भी चर्चा हुई।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे पहले ही कह चुके हैं कि इंडी गठबंधन उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए सामूहिक निर्णय लेगा। बैठक में यह भी सहमति बनी कि गठबंधन को एकजुट होकर मैदान में उतरना चाहिए भले ही एनडीए के पास संख्याबल का फायदा हो।
इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के कम से कम 11 वोट भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। विपक्षी दल अब जल्द ही अपने उम्मीदवार के नाम की औपचारिक घोषणा कर सकते हैं।


