1000256702

जमशेदपुर के सरकारी स्कूलों में 15 अगस्त तक होगा पौधरोपण, छात्रों को छात्रवृत्ति डीबीटी से भेजी जाएगी…

खबर को शेयर करें
1000256702

Jamshedpur news: जमशेदपुर में शिक्षा विभाग की मासिक समीक्षा बैठक समाहरणालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उप विकास आयुक्त (डीडीसी) नागेन्द्र पासवान ने की और यह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी के निर्देशानुसार हुई। बैठक में समग्र शिक्षा और प्रधानमंत्री पोषण योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।

उप विकास आयुक्त ने निर्देश दिया कि जिन करीब 2000 बच्चों के बैंक खाते अब तक नहीं खुले हैं उनके खाते इसी महीने के भीतर खुलवाए जाएं। इसके लिए स्कूलों के शिक्षक, बीईईओ और अन्य अधिकारी विशेष अभियान चलाकर बच्चों के अभिभावकों से संपर्क करेंगे। इसके साथ ही प्री-मैट्रिक और पोस्ट-मैट्रिक छात्रवृत्ति की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के जरिये समय पर छात्रों तक पहुंचाने का निर्देश दिया गया है। यदि राशि वापस चली गई हो तो उसका कारण बताकर रिपोर्ट कल्याण पदाधिकारी को भेजनी होगी।

सभी पात्र बच्चों को साइकिल का वितरण 22 अगस्त 2025 तक हर हाल में पूरा करने का निर्देश दिया गया है। इसके लिए शिक्षा विभाग को अन्य संबंधित विभागों और जनप्रतिनिधियों से समन्वय बनाने को कहा गया है।

सभी शिक्षकों को उनके सतत पेशेवर विकास प्रशिक्षण (CDP) का ऑनलाइन कोर्स इसी महीने पूरा करना है। साथ ही हर शिक्षक को ई-विद्यावाहिनी पोर्टल पर प्रतिदिन छात्रों की उपस्थिति अपडेट करनी होगी। जो शिक्षक यह कार्य नहीं कर रहे हैं उन्हें शो-कॉज नोटिस देकर कार्रवाई की जाएगी।

“एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम के तहत सभी सरकारी स्कूलों में 15 अगस्त 2025 तक पौधारोपण पूरा करना है। इसके लिए वन विभाग की नजदीकी नर्सरी से पौधे लाकर समय पर रोपण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री स्वच्छ विद्यालय पुरस्कार योजना के तहत सभी स्कूलों को एक सप्ताह के भीतर ऑनलाइन पंजीकरण कर फोटोग्राफ्स अपलोड करने का निर्देश दिया गया है।

उप विकास आयुक्त ने कहा कि शिक्षा से जुड़ी हर योजना और लक्ष्य को समय पर पूरा करना प्रशासन की प्राथमिकता है और इसमें किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।