मंडल डैम का काम जल्द शुरू होगा, 50 साल से अटकी योजना से बिहार-झारखंड के किसानों को मिलेगा फायदा…

Jharkhand: झारखंड सरकार ने मंडल डैम परियोजना का काम जल्द शुरू करने का निर्देश दिया है। यह डैम बिहार और झारखंड के किसानों के लिए बहुत फायदेमंद साबित होगा क्योंकि इसके बन जाने से दोनों राज्यों के बड़े हिस्से में सिंचाई की सुविधा मिलेगी।
मुख्य सचिव अलका तिवारी ने इस डैम से जुड़ी योजना की समीक्षा बैठक में अधिकारियों से कहा कि डैम के निर्माण से पहले जिन लोगों को वहां से हटाया जाना है उन्हें समय पर और अच्छे तरीके से बसाया जाए। गढ़वा और लातेहार जिलों के सात गांवों के लगभग 750 परिवारों को इसके लिए दूसरी जगह बसाने का फैसला लिया गया है।
इन परिवारों को दो किस्तों में 15 लाख रुपये और एक एकड़ जमीन देने पर पहले ही सहमति बन चुकी है। इन्हें रंका प्रखंड में बसाया जाएगा। मुख्य सचिव ने कहा है कि नए स्थान पर बसने से पहले ही लोगों को पानी, बिजली, सड़क जैसी जरूरी सुविधाएं देनी होंगी।
सरकार ने यह भी कहा है कि जो एजेंसी मंडल डैम का अधूरा काम पूरा करेगी उसे पूरी सुरक्षा दी जाएगी। इसके लिए गढ़वा और लातेहार के प्रशासन को मिलकर काम करने को कहा गया है। एजेंसी ने भरोसा दिलाया है कि सुरक्षा मिलने के दो दिन के अंदर काम शुरू कर देगी।
समीक्षा के दौरान यह भी तय हुआ कि विस्थापित लोगों को मुआवजा देने के लिए रिज़र्व बैंक में ‘स्पर्श अकाउंट’ खोला जाएगा और उनके बैंक खातों को सरकार की योजना से जोड़ा जाएगा।
इसके अलावा डैम की मुख्य नहर के दोनों ओर लगे बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर हटाने के काम में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इस बैठक में वित्त सचिव प्रशांत कुमार, वन सचिव अबू बक्कर सिद्दिक पी. समेत गढ़वा और लातेहार जिले के डीसी और एसपी भी ऑनलाइन शामिल हुए।


