रायरंगपुर से चोरी हुई कार के साथ भाग रहे दो आरोपी जमशेदपुर में पकड़े गए, भागते वक्त कई लोगों को मारी टक्कर…

Jharkhand: ओडिशा के रायरंगपुर से एक अर्टिका कार चोरी कर भाग रहे दो आरोपियों को जमशेदपुर के सुंदरनगर थाना क्षेत्र में पुलिस ने पकड़ लिया। तीरिंग थाना पुलिस को जैसे ही कार चोरी की जानकारी मिली उन्होंने तुरंत जमशेदपुर पुलिस से संपर्क किया और सुंदरनगर थाना क्षेत्र में कार को पकड़ने के लिए सूचना दी गई।
तेज रफ्तार में भाग रही कार ने रास्ते में कई बाइक सवारों को टक्कर मार दी जिससे दो से तीन लोग घायल हो गए। घायलों का इलाज चल रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कार की रफ्तार करीब 100 से 150 किलोमीटर प्रति घंटा थी। एक महिला ने बताया कि उसका भतीजा घर के बाहर खड़ा था तभी कार ने उसे टक्कर मार दी। वहीं एक स्थानीय निवासी महेश दास की बाइक भी उस कार ने टक्कर मार दी जब वह नाश्ता लेने जा रहे थे।
तेजी से भाग रहे आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस ने तीन गाड़ियों से पीछा किया और आखिरकार कार को हितकू इलाके में रोक लिया गया। दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक दोनों आरोपी नशे की हालत में थे। उनसे पूछताछ की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि वे किसी बड़े अपराधी गिरोह से जुड़े हैं या नहीं। सुंदरनगर थाना प्रभारी ने पुष्टि की है कि कार रायरंगपुर से चोरी हुई थी और दोनों थानों की पुलिस ने मिलकर समय रहते कार्रवाई की। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आगे कुछ अहम खुलासे हो सकते हैं।

