जमशेदपुर में चोरी की दो वारदातें: दुकान और मंदिर दोनों को बनाया गया निशाना…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र में बीती रात चोरों ने दो अलग-अलग जगहों पर चोरी की घटना को अंजाम दिया। एक तरफ ऑटो पार्ट्स की दुकान में सेंधमारी हुई तो दूसरी तरफ मंदिर की दानपेटी चुरा ली गई।
पहली घटना त्रिवेणी टावर चौक के पास हुई जहां छोटे हनुमान मंदिर के पास स्थित “मुन्ना ऑटो पार्ट्स” की दो दुकानों का ताला तोड़कर चोरों ने अंदर से सामान बिखेर दिया और करीब 10 से 15 हजार रुपये की चोरी कर ली।
मालिक सत्येंद्र सिंह ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर CCTV फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है।
दूसरी घटना सोपोडेरा कबीर मंदिर के पास स्थित शिव मंदिर में हुई जहां चोरों ने मंदिर का ताला तोड़कर दानपेटी चुरा ली। मंदिर की देखरेख करने वाली महिला के मुताबिक सावन महीना होने के कारण पेटी में करीब 4 से 5 हजार रुपये थे।
परसुडीह पुलिस दोनों मामलों में जुटी हुई है। आसपास के इलाके की CCTV रिकॉर्डिंग देखी जा रही है ताकि चोरों की पहचान हो सके।

