1000255880

Chakradharpur: 11 हजार वोल्ट के करंट से झुलसे बिजली मिस्त्री की इलाज के दौरान मौत, परिजन बोले- बिजली विभाग की लापरवाही…

खबर को शेयर करें
1000255880

Jharkhand: पश्चिमी सिंहभूम के चक्रधरपुर में ट्रांसफार्मर का फ्यूज बांधते समय 11 हजार वोल्ट के करंट की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलसे बिजली मिस्त्री की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान लोटापहाड़ गांव निवासी श्यामसुंदर रजक के रूप में हुई है जो बिजली विभाग में अनुबंध पर कार्यरत था।

जानकारी के अनुसार कराईकेला थाना क्षेत्र के लांडुपदा गांव के आदिवासी टोला में ट्रांसफार्मर का फ्यूज उड़ गया था। इस फॉल्ट को ठीक करने के लिए विभाग ने श्यामसुंदर को भेजा था। उन्होंने विभाग से शटडाउन लेकर ट्रांसफार्मर पर चढ़कर फ्यूज का तार बांधना शुरू किया। काम अभी पूरा भी नहीं हुआ था कि अचानक लाइन चालू कर दी गई।

जैसे ही 11 हजार वोल्ट की बिजली चालू हुई ट्रांसफार्मर में जोरदार धमाका हुआ और श्यामसुंदर करंट की चपेट में आकर नीचे गिर पड़े। इस हादसे में उनके पीठ, पैर और शरीर के कई हिस्से बुरी तरह झुलस गए।

घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने उन्हें चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें टीएमएच जमशेदपुर रेफर किया गया। वहीं गुरुवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि यह हादसा बिजली विभाग की लापरवाही के कारण हुआ है। शटडाउन के बाद भी लाइन चालू करना सीधी लापरवाही है। परिजनों ने सरकार और विभाग से उचित मुआवजे की मांग की है।