1000255750

Jamshedpur: अमेरिका के टैरिफ फैसले के खिलाफ सिंहभूम चैंबर ने किया पोस्टर लॉन्च, लोगों से अमेरिकी सामान के बहिष्कार की अपील…

खबर को शेयर करें
1000255750

Jamshedpur news: अमेरिका द्वारा भारत पर एकतरफा 25% + 25% टैरिफ लगाए जाने के फैसले के खिलाफ सिंहभूम चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री ने विरोध जताते हुए एक जागरूकता पोस्टर लॉन्च किया है। इस पोस्टर के जरिए चैंबर ने लोगों से अमेरिकी उत्पादों के बहिष्कार और स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की है।

चैंबर ने बताया कि यह पोस्टर शहर के प्रमुख बाजारों में लगाया जाएगा और सोशल मीडिया पर भी अभियान चलाया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इससे जुड़ सकें और अमेरिकी टैरिफ नीति का विरोध कर सकें।

इस मौके पर चैंबर अध्यक्ष विजय आनंद मूनका ने कहा कि अमेरिका का यह फैसला अवैध और अव्यावहारिक है। उन्होंने कहा कि ऐसे फैसलों से भारत के व्यापारियों और उद्यमियों को नुकसान होगा लेकिन हमें हिम्मत नहीं हारनी चाहिए बल्कि स्वदेशी अपनाकर अमेरिका को जवाब देना चाहिए।

उन्होंने यह भी याद दिलाया कि कोरोना काल में भी भारत ने चुनौतियों को अवसर में बदला था और अब भी देश को एकजुट होकर आगे बढ़ना होगा।

चैंबर के वरिष्ठ सदस्य अनिल मोदी ने अमेरिका के फैसले को तानाशाही और WTO नियमों के खिलाफ बताया। उन्होंने कहा कि यह भारत को नीचा दिखाने की कोशिश है। चैंबर का यह पोस्टर कोल्हान के उद्यमियों और जनता की आवाज बनेगा।

चैंबर सचिव भरत मकानी ने कहा कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने लोगों से अमेरिकी कंपनियों के उत्पादों का खुलकर बहिष्कार करने की अपील की ताकि अमेरिका को एक मजबूत संदेश दिया जा सके।

इस कार्यक्रम में सचिव अंशुल रिंगसिया, कोषाध्यक्ष अनिल रिंगसिया, बिनोद शर्मा, अनीस वैद्य, प्रमोद मेहता समेत कई अन्य सदस्य भी मौजूद थे।