Durand Cup 2025: जमशेदपुर एफसी बनाम लद्दाख एफसी मुकाबले में मुफ्त प्रवेश, लेकिन रहें सतर्क इन नियमों से…

Jamshedpur news: डूरंड कप 2025 के अंतर्गत 8 अगस्त को J.R.D. टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में होने वाले रोमांचक फुटबॉल मुकाबले में दर्शकों के लिए एक खास खुशखबरी है। जमशेदपुर एफसी और इंडियन आर्मी एफटी के बीच शाम 4 बजे शुरू होने वाले इस मैच में प्रशंसकों को निःशुल्क प्रवेश मिलेगा। हालांकि सुरक्षा और व्यवस्थित व्यवस्था बनाए रखने के लिए कुछ नियम और शर्तें तय की गई हैं।
स्टेडियम के गेट मैच शुरू होने से दो घंटे पहले खोले जाएंगे और दर्शकों को समय से पहले पहुंचने की सलाह दी गई है। बैठने की व्यवस्था ‘पहले आओ पहले पाओ’ के आधार पर होगी। स्टेडियम में कुल 11,400 दर्शकों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी।
केवल तीन स्टैंड होंगे आम लोगों के लिए खुले:
•ईस्ट लोअर स्टैंड (क्षमता: 4,200)
•ईस्ट अपर स्टैंड (क्षमता: 3,200)
•साउथ स्टैंड (क्षमता: 4,000)
पहले दर्शकों को ईस्ट लोअर स्टैंड में बैठाया जाएगा। जब यह स्टैंड भर जाएगा तब ईस्ट अपर स्टैंड और फिर साउथ स्टैंड को खोला जाएगा।
प्रशंसकों को केवल स्ट्रेट माइल रोड स्थित गेट नंबर 5, 6 और 7 से ही प्रवेश की अनुमति होगी। आयोजकों ने दर्शकों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
सबसे अहम बात यह है कि इस मैच के लिए किसी भी प्रकार के भौतिक या डिजिटल टिकट की आवश्यकता नहीं होगी। लेकिन एक बार निर्धारित दर्शक संख्या पूरी हो जाने के बाद स्टेडियम में और प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
फुटबॉल प्रेमियों के लिए यह सुनहरा मौका है कि वे बिना किसी टिकट के देश के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट में शामिल हों। लेकिन नियमों का पालन जरूरी है ताकि सभी दर्शकों को सुरक्षित और रोमांचक अनुभव मिल सके।


