सरायकेला में चला वाहन जांच अभियान, काली स्कॉर्पियो और बिना हेलमेट बाइक सवार पकड़े गए, काटा गया चालान…

Jharkhand: सरायकेला जिले में पुलिस द्वारा गुरुवार को वाहन जांच अभियान चलाया गया। यह अभियान सरायकेला थाना प्रभारी विनय कुमार के नेतृत्व में किया गया जिसमें कई वाहनों की जांच की गई और नियम तोड़ने वालों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
इस दौरान एक काले रंग की स्कॉर्पियो को पकड़ा गया जिसका चालक बिना सीट बेल्ट लगाए गाड़ी चला रहा था। स्कॉर्पियो की आगे की नंबर प्लेट गायब थी और दरवाजों पर काली फिल्म लगी हुई थी जो नियमों के खिलाफ है। पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए गाड़ी को जब्त कर लिया।
इसके अलावा एक बाइक सवार को बिना हेलमेट के बाइक चलाते हुए पकड़ा गया। दोनों वाहनों को थाने लाकर चालान किया गया और संबंधित कार्रवाई के लिए न्यायालय भेजा गया।
पुलिस की सख्ती से वाहन चालकों में हड़कंप मच गया है। थाना प्रभारी विनय कुमार ने साफ कहा कि वाहन जांच अभियान आगे भी जारी रहेगा और जो भी यातायात नियमों का उल्लंघन करेगा, उस पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
लोगों से अपील की गई है कि वे नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा करें।


