1000255463

आदित्यपुर में जल जमाव बनी बड़ी परेशानी, गाड़ियों से लेकर घरों तक को हुआ नुकसान, नगर निगम पर उठे सवाल…

खबर को शेयर करें
1000255463

Jharkhand: आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में जल जमाव अब लोगों के लिए एक गंभीर समस्या बन चुकी है। मात्र एक घंटे की बारिश में ही कई इलाके छोटे-छोटे तालाब में तब्दील हो गए जिससे स्कूली बच्चों, बुजुर्गों, महिलाओं और आम नागरिकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

सूरज मोड़ के पास एक महंगी कार पानी में फंस गई जिसे काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया। इसी दौरान एक स्कूली छात्र अपने माता-पिता के साथ पानी से भरी सड़क पार कर रही थी तभी वह जल जमाव में गिर गई। गनीमत रही कि समय रहते उसे बाहर निकाल लिया गया।

निर्मल नगर और मांझी टोला इलाके में स्थिति और भी बदतर रही। यहां नालियों की निकासी न होने के कारण गंदा पानी कई घरों में घुस गया जिससे घरों का सामान खराब हो गया और लोगों को रहने में भी कठिनाई हो रही है। कई व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी पानी भर गया जिससे आर्थिक नुकसान हुआ है।

लगातार जल जमाव के कारण मच्छरों और अन्य कीटों की संख्या में वृद्धि हो गई है जिससे डेंगू, मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा मंडराने लगा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि आदित्यपुर नगर निगम द्वारा जल निकासी और नालियों की नियमित सफाई में लापरवाही बरती जा रही है। यदि समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया गया तो किसी दिन कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

जनता ने नगर निगम से जल्द व्यवस्था सुधारने और जल जमाव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की है।