हाता-चाईबासा सड़क हादसा : तेज़ रफ़्तार पिकअप वैन की टक्कर से 50 वर्षीय व्यक्ति की मौत, परिजनों ने किया विरोध प्रदर्शन…

Jharkhand: हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 50 वर्षीय खकन महतो की मौत हो गई। यह दुर्घटना छोटानागपुर कॉलेज के पास हुई जब वे हाता की ओर जा रहे थे। इस हादसे से पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार खकन महतो को एक तेज़ रफ़्तार पिकअप वैन (JH05 BS 8886) ने ज़ोरदार टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर भाग गया लेकिन बाद में पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन और स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और मुआवज़े की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। परिजनों ने वाहन मालिक से संपर्क करने की कई कोशिशें कीं लेकिन उसने बात करने से साफ इनकार कर दिया।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिला परिषद सदस्य आमोदिनी महतो और झारखंड लोक कल्याण मोर्चा (JLKM) के पूर्व प्रत्याशी प्रेम मार्डी पीड़ित परिवार के साथ राजनगर थाना पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में भी वाहन मालिक से संपर्क करने की कोशिश की गई लेकिन कोई सकारात्मक जवाब नहीं मिला।
आमोदिनी महतो ने हादसे पर चिंता जताते हुए कहा कि इस मार्ग पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि सड़क पर स्पीड ब्रेकर लगाए जाएं और ट्रैफिक नियमों को सख़्ती से लागू किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों।
राजनगर थाना प्रभारी की पहल पर मृतक के परिजनों की शिकायत पर आईपीसी की धारा 281 (लापरवाही से वाहन चलाना) और धारा 106(1) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। परिजन अब भी न्याय और दोषी चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।


