जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र: पोटका में राशन डीलर्स नाराज़, सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी…

Jamshedpur news: पोटका प्रखंड के फेयर प्राइस शॉप डीलर्स (राशन डीलरों) ने अपनी लंबित मांगों को लेकर सरकार को सितंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल की चेतावनी दी है। गुरुवार को प्रखंड सभागार में हुई एसोसिएशन की बैठक में लगभग 130 डीलरों ने भाग लिया और सरकार से जल्द कार्रवाई की मांग की।
बैठक की अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अनवर अली ने की। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार की एनएफएसए योजना के तहत दिसंबर 2024 से अगस्त 2025 तक का 9 महीने का कमीशन अब तक नहीं मिला है। वहीं राज्य सरकार की ग्रीन कार्ड योजना के तहत वितरित दाल, नमक आदि पर 18 महीने का कमीशन लंबित है।
डीलरों ने कहा कि कमीशन न मिलने से वे आर्थिक संकट में हैं। कुछ डीलर अपने बच्चों की स्कूल फीस तक नहीं दे पा रहे हैं और घर चलाना भी मुश्किल हो गया है। कई डीलर भुखमरी की कगार पर पहुंच गए हैं।
इसके अलावा डीलरों ने NIC (नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर) द्वारा राशन की मनमानी कटौती।और ठेकेदारों की लापरवाही को लेकर भी नाराज़गी जताई। उनका कहना है कि राशन दुकानों तक समय पर और पूरा राशन नहीं पहुंचता जिससे उपभोक्ताओं के सामने उन्हें शर्मिंदगी उठानी पड़ती है।
ई-पॉश मशीन और तौल मशीनों में खराबी होने पर डीलरों को जमशेदपुर तक आना पड़ता है जिससे उनका समय और पैसा दोनों बर्बाद होता है।
संघ पदाधिकारियों ने कहा कि यदि सरकार ने सितंबर 2025 तक मांगें नहीं मानीं तो डीलर अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे जिससे जन वितरण प्रणाली पर असर पड़ेगा और आम जनता को राशन मिलने में परेशानी होगी।
बैठक में भृगु कालिंदी, जगन्नाथ सोरेन, खेला राम मुर्मू समेत कई वरिष्ठ डीलर उपस्थित थे। सभी ने सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की और चेताया कि यदि कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।

