भारत के अगले उपराष्ट्रपति के चुनाव की आज से प्रक्रिया शुरू, 9 सितंबर को होगा मतदान…

Azad Reporter desk: देश के अगले उपराष्ट्रपति के चुनाव की प्रक्रिया आज से औपचारिक रूप से शुरू हो गई है। चुनाव आयोग ने गुरुवार को अधिसूचना जारी कर दी है जिसके अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तारीख 21 अगस्त है। नामांकन पत्रों की जांच 22 अगस्त को होगी जबकि 25 अगस्त तक उम्मीदवार अपना नाम वापस ले सकेंगे। मतदान 9 सितंबर को होगा और उसी दिन चुनाव परिणाम की घोषणा भी की जाएगी।

यह उपचुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के अचानक इस्तीफे के बाद कराया जा रहा है। उन्होंने 21 जुलाई को स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए अपना पद छोड़ दिया था जबकि उनका कार्यकाल अगस्त 2027 तक था।
उपराष्ट्रपति पद के लिए योग्यता:
•भारत का नागरिक होना अनिवार्य
•न्यूनतम आयु 35 वर्ष
•राज्यसभा सदस्य बनने की योग्यता
•किसी लाभ के पद पर न हो
कौन करेगा मतदान?
उपराष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा के सांसद मिलकर करते हैं। वर्तमान में लोकसभा की एक और राज्यसभा की पांच सीटें खाली हैं इसलिए कुल 786 सांसद वोट डालने के पात्र होंगे। किसी उम्मीदवार को जीतने के लिए कम से कम 394 वोटों की आवश्यकता होगी। NDA के पास लगभग 422 सांसदों का समर्थन है ऐसे में NDA उम्मीदवार की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
यह चुनाव गुप्त मतदान प्रणाली के तहत होगा। सांसद प्राथमिकता के आधार पर अपने मत डालेंगे। राजनीतिक गलियारों में इस समय हलचल तेज है और एनडीए के साथ-साथ विपक्षी गठबंधन भी अपने उम्मीदवारों को लेकर रणनीति बना रहे हैं।
देशभर की नजरें इस महत्वपूर्ण चुनाव पर टिकी हैं क्योंकि उपराष्ट्रपति न केवल राज्यसभा के सभापति होते हैं बल्कि संसद के सुचारु संचालन में भी बड़ी भूमिका निभाते हैं।

