1000254419

Jamshedpur: त्योहारों में शांति बनाए रखने को लेकर एसपी ने की समीक्षा बैठक, अफवाह फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश…

खबर को शेयर करें
1000254419

Jamshedpur news: जमशेदपुर में आने वाले त्योहारों जैसे रक्षाबंधन, कजरी-तीज, स्वतंत्रता दिवस और चेहल्लुम के मद्देनज़र शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने को लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में एक विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने की। इस दौरान नगर पुलिस अधीक्षक, सभी DSP और थाना प्रभारियों सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में सभी थाना क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। एसपी ने अफसरों को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान विशेष सतर्कता बरती जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह या शांति भंग करने की कोशिश करने वालों पर कड़ी नजर रखी जाए और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, रात गश्ती बढ़ाने और धार्मिक स्थलों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। भीड़भाड़ वाले स्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर भी पुलिस को अलर्ट रहने को कहा गया है।

यातायात व्यवस्था को लेकर भी ट्रैफिक पुलिस को सतर्क रहने और आवश्यक नियंत्रण उपाय अपनाने के निर्देश दिए गए, जिससे नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित करने स्थानीय नागरिकों से संवाद बनाए रखने और नियमित गश्त जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

एसपी ने साफ कहा कि प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद है और त्योहारों के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। किसी भी गड़बड़ी की स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जाएगी।

अंत में आम जनता से भी अपील की गई कि अगर उन्हें किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी मिले तो तुरंत पुलिस को सूचित करें ताकि सभी त्योहार शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सकें।