सरायकेला में बड़ी सफलता: पहाड़ी इलाके से भारी मात्रा में आईईडी बरामद, बम निरोधक दस्ते ने किया नष्ट…

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी मिली है। जिले के दलभंगा ओपी क्षेत्र स्थित चाईबासा और सरायकेला की सीमा से लगे पहाड़ी इलाके में चलाए गए सर्च ऑपरेशन के दौरान 44.5 किलोग्राम विस्फोटक सामग्री (IED) बरामद की गई है। बरामद विस्फोटकों को बम निरोधक दस्ते ने मौके पर ही सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया।
जानकारी के अनुसार 6 अगस्त को पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन के उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों को नुकसान पहुंचाने के इरादे से भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री पहाड़ों में छिपा रखी है।
इस सूचना के बाद सरायकेला-खरसावां और चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी की संयुक्त टीम ने दलभंगा क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया। अभियान के दौरान नीले रंग के प्लास्टिक कंटेनरों में छिपाकर रखा गया कुल 44.5 किलोग्राम आईईडी बरामद हुआ।
विस्फोटकों का विवरण इस प्रकार है:
•केन आईईडी (1.5 किलोग्राम प्रत्येक) – 15 नग, कुल 22.5 किलोग्राम
•केन आईईडी (1 किलोग्राम प्रत्येक) – 15 नग, कुल 15 किलोग्राम
•केन आईईडी (500 ग्राम प्रत्येक) – 14 नग, कुल 7 किलोग्राम
पुलिस ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से सभी विस्फोटकों को उसी स्थान पर नष्ट कर दिया गया। फिलहाल पुलिस की ओर से विधिसम्मत कार्रवाई की जा रही है और नक्सल प्रभावित इलाकों में लगातार तलाशी अभियान भी चलाया जा रहा है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

