IMG 20250806 WA0056

राजनगर में सरकारी शराब दुकान में बड़ी चोरी, 37 पेटी विदेशी शराब गायब, पुलिस जांच में जुटी…

खबर को शेयर करें
IMG 20250806 WA0056

Jharkhand:सरायकेला जिले के राजनगर थाना क्षेत्र में मंगलवार रात एक बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। थाना से महज एक किलोमीटर की दूरी पर स्थित सरकारी विदेशी शराब की दुकान में अज्ञात चोरों ने धावा बोल दिया। चोरों ने दुकान का ताला और ग्रिल काटकर अंदर प्रवेश किया और करीब 37 पेटी विदेशी शराब चुराकर फरार हो गए।

इस घटना का खुलासा बुधवार सुबह तब हुआ जब उत्पाद विभाग के अधिकारी निरीक्षण के लिए दुकान पहुंचे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि करीब 3 लाख 72 हजार 980 रुपये मूल्य की शराब गायब है। हैरानी की बात यह रही कि दुकान में रखे गए लगभग 1 लाख रुपये नकद को चोरों ने हाथ तक नहीं लगाया। उन्होंने सिर्फ शराब की पेटियों को ही निशाना बनाया।

सूत्रों के अनुसार, जिस दुकान में चोरी हुई वहां पिछले तीन दिनों से सुरक्षा गार्ड छुट्टी पर था और दुकान में कोई सीसीटीवी कैमरा भी नहीं लगा था जिससे जांच में पुलिस को दिक्कतें आ रही हैं।

फिलहाल राजनगर पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुट गई है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।