सरायकेला में वज्रपात की चपेट में आईं तीन महिलाएं, खेत से लौटते समय गिरी आसमानी बिजली…

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले के खरसावां थाना क्षेत्र के असुरा गांव में बुधवार को आसमानी बिजली गिरने से तीन महिलाएं घायल हो गईं। ये महिलाएं खेत में काम करने के बाद घर लौट रही थीं तभी वज्रपात की चपेट में आ गईं।
घायल महिलाओं की पहचान रायमुनी महतो, शुरू महतो और सदेश्वरी महतो के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से तीनों को सरायकेला सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां डॉक्टर चंदन कुमार की निगरानी में इलाज जारी है।
मिली जानकारी के अनुसार महिलाएं खेत में काम कर रही थीं। इसी दौरान मौसम खराब होने लगा और बारिश शुरू हो गई। वे खेत से घर लौट ही रही थीं कि खुले मैदान के पास अचानक तेज गरज के साथ आसमानी बिजली गिर गई जिससे तीनों घायल हो गईं।
डॉक्टरों ने बताया कि घबराने की जरूरत नहीं है क्योंकि सभी घायल महिलाएं अब खतरे से बाहर हैं।
ग्रामीणों से अपील की गई है कि बारिश और गरज-चमक के दौरान खेत या खुले मैदान में न जाएं और सुरक्षित स्थान पर रहें।


