1000253817

15 लाख का इनामी नक्सली मार्टिन केरकेट्टा मुठभेड़ में ढेर, लंबे समय से था पुलिस के निशाने पर…

खबर को शेयर करें
1000253817

Jharkhand: झारखंड के गुमला जिले के कामडारा थाना क्षेत्र में सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता हाथ लगी है। देर रात हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 15 लाख रुपये के इनामी कुख्यात नक्सली मार्टिन केरकेट्टा को मार गिराया है। मुठभेड़ के दौरान 2 से 3 अन्य नक्सलियों के भी घायल होने की सूचना है। फिलहाल पुलिस इलाके में सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।

मार्टिन केरकेट्टा पीएलएफआई (पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया) संगठन का प्रमुख सदस्य था और लंबे समय से पुलिस को उसकी तलाश थी। माना जाता है कि पीएलएफआई सुप्रीमो दिनेश गोप की गिरफ्तारी के बाद संगठन की कमान मार्टिन ने संभाल ली थी। वह दशकों तक दिनेश गोप का करीबी रहा और अब तक पुलिस की गिरफ्त से बचता आ रहा था।

बता दें कि 9 अगस्त 2024 को खूंटी पुलिस ने मार्टिन केरकेट्टा के घर और ससुराल में छापेमारी की थी। इस दौरान पुलिस को कई अहम सुराग मिले थे लेकिन मार्टिन फरार हो गया था। पुलिस ने उस समय मार्टिन के जीजा को हिरासत में लिया था और तभी से उसकी तलाश और तेज कर दी गई थी।

अब इस बड़ी सफलता से सुरक्षाबलों को नक्सल मोर्चे पर एक अहम बढ़त मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अभियान जारी रहेगा और बाकी बचे नक्सलियों की भी जल्द गिरफ्तारी या कार्रवाई की जाएगी।