Madhya Pradesh: शहडोल की तीन मंजिला इमारत में भीषण आग, कई दुकानें जलकर खाक, दमकल की टीम जुटी…

Azad Reporter desk: न्यू गांधी चौक स्थित महारानी लक्ष्मीबाई स्कूल के सामने एक तीन मंजिला व्यावसायिक इमारत में देर रात भीषण आग लग गई। आग की चपेट में भारतीय प्रेस समेत कई दुकानें आ गईं जो पूरी तरह से जलकर खाक हो गईं। आग पर काबू पाने के लिए नगर पालिका की दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं लेकिन आग इतनी विकराल थी कि संसाधन कम पड़ने लगे।
सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। भारी संख्या में लोग भी घटनास्थल के पास इकट्ठा हो गए। फिलहाल आग बुझाने की कोशिशें लगातार जारी हैं। आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार नुकसान काफी अधिक बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक आग देर रात लगी और सुबह तक भीषण रूप ले चुकी थी। इमारत तीन मंजिला है और उसमें कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान संचालित हो रहे थे। नगर पालिका की दमकलें आग पर काबू पाने की कोशिश कर रही हैं लेकिन संसाधनों की कमी के कारण उन्हें काफी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि नगर पालिका बड़े-बड़े भवनों के निर्माण की अनुमति तो दे रही है लेकिन आग जैसी आपात स्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन नहीं जुटा पाई है। यह एक गंभीर लापरवाही मानी जा रही है जिसे लेकर लोगों में नाराज़गी भी देखी जा रही है।
फिलहाल प्रशासन द्वारा आग के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है और नुकसान के आकलन का काम भी किया जा रहा है।


