1000252140

हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग पर साज़िश! पटरियों से निकाले गए 100 से अधिक पेंड्रोल क्लिप, कीमैन की सूझबूझ से बची कई जिंदगियां…

खबर को शेयर करें
1000252140

Azad Reporter desk: चक्रधरपुर रेल मंडल के मनोहरपुर थाना क्षेत्र में एक बड़ा रेल हादसा टल गया। हावड़ा-मुंबई रेल मार्ग की थर्ड लाइन पर अज्ञात लोगों ने करीब 1.75 किलोमीटर तक रेल पटरी से 100 से अधिक पेंड्रोल क्लिप (रेल की चाबी) निकाल दिए थे। लेकिन मौके पर मौजूद रेलवे कर्मचारी (कीमैन) की सतर्कता और सूझबूझ के कारण समय रहते हादसे को टाल दिया गया।

जानकारी के अनुसार यह घटना घाघरा गांव के पास किलोमीटर पोल नंबर 364/1A से 366/11A के बीच हुई। ड्यूटी पर मौजूद कीमैन ने देखा कि बड़ी संख्या में पेंड्रोल क्लिप पटरी से निकाले गए हैं और कुछ दूर पर फेंके गए हैं। यह देखकर उसने तुरंत पोसैता स्टेशन मास्टर को इसकी सूचना दी, जिससे रेल मंडल में हड़कंप मच गया।

सुरक्षा के मद्देनज़र सुबह 11:23 बजे गोइलकेरा और मनोहरपुर के बीच थर्ड रेल लाइन पर ट्रेनों का परिचालन रोक दिया गया। सूचना मिलते ही RPF, जिला पुलिस और रेलवे अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। तत्परता से मरम्मत का काम शुरू हुआ और कुछ घंटों बाद थर्ड लाइन पर यातायात बहाल कर दिया गया।

रेलवे प्रशासन के अनुसार इतनी लंबी दूरी तक पेंड्रोल क्लिप हटाना एक गंभीर साजिश की ओर इशारा करता है। यह इलाका झारखंड के घोर नक्सल प्रभावित सारंडा क्षेत्र में आता है जहां पहले भी इस तरह की घटनाएं हो चुकी हैं। रविवार को इसी क्षेत्र के करमपदा में नक्सलियों द्वारा किए गए बम विस्फोट में एक रेलकर्मी की मौत हो गई थी और दूसरा घायल हुआ था।

फिलहाल इस घटना की जांच आरपीएफ और जिला पुलिस द्वारा की जा रही है। प्राथमिक दृष्टि से यह एक साजिश प्रतीत हो रही है और नक्सली संलिप्तता की आशंका जताई जा रही है। रेलवे की तत्परता और कर्मचारी की सजगता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।