1000252138

जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र: राखामाइंस स्टेशन से साइबर ठगी करते तीन युवक गिरफ्तार, मोबाइल से चल रहा था ऑनलाइन फ्रॉड का धंधा…

खबर को शेयर करें
1000252138

Jamshedpur news: जिले की पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए राखामाइंस रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म से साइबर ठगी में शामिल तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। ये तीनों युवक टेलीग्राम और व्हाट्सएप के जरिए देशभर के लोगों को गूगल रिव्यू, रेटिंग और टास्क कम्प्लीट कराने के नाम पर ठगने का काम कर रहे थे।

गिरफ्तार युवकों की पहचान जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के कोगदा गांव निवासी केशव चंद्र भगत (25), कपिलदेव भगत (40) और गिरिधारी भगत (22) के रूप में हुई है।

जमशेदपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक को इस ठगी गिरोह की गुप्त सूचना मिली थी जिसके बाद मुसाबनी डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम ने गालूडीह स्टेशन प्लेटफॉर्म पर छापेमारी की। पुलिस को देखते ही युवक भागने की कोशिश करने लगे लेकिन टीम ने तीनों को पकड़ लिया।

पुलिस ने उनके पास से एक आईफोन, एक सैमसंग M51, एक वीवो V30 मोबाइल फोन और विभिन्न बैंकों के पांच पासबुक बरामद किए हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी अलग-अलग टेलीग्राम आईडी और यूपीआई वॉलेट के जरिए लोगों से ठगी करते थे।

आरोपी ठगी की रकम का 10% हिस्सा खुद रखते थे और बाकी 90% अपने ग्रुप एडमिन को भेजते थे। अब तक की जांच में 8-10 लाख रुपये तक की अवैध लेन-देन की पुष्टि हुई है। साइबर थाना द्वारा की गई तकनीकी जांच में यह भी पाया गया है कि इनके बैंक खातों और मोबाइल नंबरों पर देशभर में 29 ऑनलाइन शिकायतें दर्ज हैं।

फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और इनके साइबर क्राइम नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।