जमशेदपुर साइबर ठगी का बड़ा खुलासा : 2.98 करोड़ की ऑनलाइन फ्रॉड, कदमा से मास्टरमाइंड गिरफ्तार…

Jamshedpur news: रांची साइबर क्राइम थाना में दर्ज एक शिकायत के बाद CID की साइबर क्राइम टीम ने जमशेदपुर में चल रहे एक बड़े अंतरराज्यीय ऑनलाइन ठग गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह के मास्टरमाइंड को जमशेदपुर के कदमा इलाके से गिरफ्तार किया गया है।
रांची के एक शख्स को टेलीग्राम पर “ग्लोबल इंडिया” नाम की कंपनी से एक लिंक भेजा गया। लिंक खोलते ही वह शिकागो बोर्ड ऑफ ऑप्शंस एक्सचेंज के नाम पर बनाई गई एक नकली वेबसाइट पर पहुंच गया। मेटल ट्रेडिंग में भारी मुनाफे का लालच देकर आरोपी ने उससे अलग-अलग खातों में 2 करोड़ 98 लाख 66 हजार 750 रुपये ट्रांसफर करवा लिए। पैसे देने के बाद जब कोई फायदा नहीं हुआ तो पीड़ित को धोखाधड़ी का पता चला और उसने FIR दर्ज कराई।
CID ने जांच में मास्टरमाइंड की पहचान दिनेश कुमार के रूप में की। दिनेश कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर का रहने वाला है। उसके इंडसइंड बैंक खाते में एक ही दिन में 1.15 करोड़ रुपये जमा हुए थे।
इस गिरोह के खिलाफ इससे पहले नोएडा सेक्टर-36 थाना में 3.29 करोड़ रुपये की ठगी का केस भी दर्ज हो चुका है।
CID की टीम अब इस पूरे गिरोह के बाकी सदस्यों, बैंक खातों और डिजिटल ट्रांजैक्शन की जांच कर रही है।
CID ने आम जनता को आगाह किया है कि किसी भी फर्जी निवेश लिंक, टेलीग्राम, व्हाट्सऐप या सोशल मीडिया पर दिखने वाले ऑफर पर भरोसा न करें। किसी अनजान व्यक्ति के अकाउंट में पैसे न भेजें और किसी भी तरह की ऑनलाइन धोखाधड़ी की शिकायत तुरंत 1930 नंबर या www.cybercrime.gov.in पर करें।


