जमशेदपुर में डेंगू का कहर : 11 हजार से ज्यादा घरों में मिला लार्वा, 23 मरीज मिले, एक की मौत, चेतावनी जारी…

Jamshedpur news: शहर में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। शनिवार को चार नए संदिग्ध मरीज मिले हैं जिनमें से दो की रिपोर्ट डेंगू पॉजिटिव आई है। इनमें एक मरीज की मौत भी हो चुकी थी जबकि दूसरे का इलाज अस्पताल में चल रहा है। अब तक पूर्वी सिंहभूम जिले में डेंगू के कुल 23 मामले सामने आ चुके हैं।
स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट के अनुसार जिले में अब तक 2 लाख 78 हजार 816 घरों की जांच की गई जिसमें 11,306 घरों में डेंगू मच्छरों के लार्वा पाए गए हैं। इसके बावजूद फागिंग की रफ्तार बेहद धीमी है। केवल 795 जगहों पर ही फागिंग की गई है और अब तक सिर्फ 3 लोगों पर जुर्माना लगाया गया है।
जिले का हाउस इंडेक्स 4.1 प्रतिशत तक पहुंच गया है जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन की तय सीमा सिर्फ 1 प्रतिशत है। यह स्थिति बेहद गंभीर मानी जा रही है।
कौन-कौन से इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित
•Jusco क्षेत्र : 275 घरों में लार्वा मिला
•टेल्को और छोटा गोविंदपुर : तेजी से हॉटस्पॉट बन रहे हैं
•चाकुलिया, जुगसलाई और टेल्को : रोकथाम के प्रयास बेहद कमजोर
वर्तमान में तीन मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं लेकिन सभी की हालत सामान्य है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि यदि जल्द ही फागिंग, लार्वा नियंत्रण और सख्त कार्रवाई नहीं की गई तो आने वाले दिनों में डेंगू महामारी का रूप ले सकता है।


