मानव तस्करी का खुलासा : दिल्ली ले जाए जा रहे रांची के दो नाबालिग बच्चे डालटनगंज स्टेशन से रेस्क्यू, आरोपी गिरफ्तार…

Jharkhand: झारखंड में मानव तस्करी का एक और मामला सामने आया है। रांची के दो नाबालिग बच्चों को दिल्ली ले जाया जा रहा था, लेकिन समय रहते डालटनगंज रेलवे स्टेशन पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और स्थानीय पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई कर बच्चों को सकुशल बचा लिया। इस दौरान रांची के हुंडरू निवासी तस्कर शर्मा बेदिया को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
शनिवार देर शाम एक यात्री ने ट्रेन में सफर के दौरान संदिग्ध गतिविधि देख तुरंत आरपीएफ को जानकारी दी। सूचना मिलते ही आरपीएफ ने डालटनगंज स्टेशन पर ट्रेन को रोककर तलाशी ली और दोनों बच्चों को रेस्क्यू कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि बच्चों को दिल्ली ले जाकर 6-6 हजार रुपये में मजदूरी कराने की योजना थी। यह झारखंड के गरीब बच्चों को बहला-फुसलाकर बाहर भेजने की साजिश का हिस्सा था। आरोपी पहले भी इस तरह के काम में शामिल रह चुका है।
आरपीएफ की शिकायत पर एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट, पलामू में मामला दर्ज कर आरोपी को जेल भेज दिया गया है। आहातू थाना प्रभारी रितेश लकड़ा ने बताया कि दोनों बच्चों को फिलहाल बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की देखरेख में बालगृह में रखा गया है और परिजनों को सूचना दे दी गई है।
पुलिस आगे की जांच में जुटी है।

