झारखंड में भारी बारिश का अलर्ट: 15 जिलों में तेज हवाओं के साथ बरसात की चेतावनी…

Jharkhand:झारखंड में इस बार मानसून ने रिकॉर्ड तोड़ बारिश की है। अगस्त की शुरुआत में ही राज्य में औसत सालाना बारिश का आंकड़ा लगभग पूरा हो गया है। रांची में सामान्य वार्षिक वर्षा 1027 मिमी मानी जाती है, जबकि अब तक 993 मिमी बारिश हो चुकी है।
मौसम विभाग ने झारखंड के 15 जिलों में भारी बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। इन जिलों में शामिल हैं पलामू, देवघर, साहिबगंज, गोड्डा, पाकुड़, गिरिडीह, कोडरमा, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, दुमका, गढ़वा, लातेहार, हजारीबाग और चतरा। इन इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं।
बारिश की वजह से इन जिलों का अधिकतम तापमान 4 से 5 डिग्री तक गिर सकता है। अभी जहां तापमान 32-33 डिग्री है वहीं बारिश के बाद यह 28 डिग्री तक पहुंच सकता है।
मौसम विभाग के वैज्ञानिकों का कहना है कि इस बार मानसून की सक्रियता इतनी ज्यादा रही कि अगस्त के पहले हफ्ते में ही औसत बारिश का लक्ष्य पूरा हो गया। अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रहेगा। 15 अगस्त तक अच्छी बारिश होने के बाद थोड़ी राहत मिलने की संभावना है। इसके बाद तापमान धीरे-धीरे बढ़कर 36 डिग्री तक जा सकता है।
इस साल झारखंड के कई जिलों में सामान्य से 50% ज्यादा बारिश दर्ज की गई है। लगातार हो रही बारिश से कई जगह जलभराव हो गया है और लोगों की दिनचर्या प्रभावित हो रही है।
मौसम विभाग ने लोगों को अगले कुछ दिनों तक सतर्क रहने की सलाह दी है। भारी बारिश से नदियों और नालों में जलस्तर तेजी से बढ़ सकता है जिससे बाढ़ जैसी स्थिति बनने का खतरा है।
लोगों से अपील है कि मौसम विभाग के निर्देशों का पालन करें और बिना जरूरत घर से बाहर न निकलें।

