झारखंड में मानव तस्करी का बड़ा खुलासा, अमेरिका भेजने के नाम पर करोड़ों की ठगी, 5 गिरफ्तार…

Jharkhand: झारखंड पुलिस ने मानव तस्करी के एक बड़े अंतरराष्ट्रीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस गिरोह के लोग अमेरिका में नौकरी दिलाने का लालच देकर युवाओं को “डंकी रूट” से विदेश भेजते थे और उनसे करोड़ों रुपये ठग लेते थे। पुलिस ने इस मामले में मास्टरमाइंड उदय कुमार कुशवाहा सहित 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
मामला हजारीबाग जिले के टाटीझरिया थाना क्षेत्र के भराजो गांव का है। पीड़ित सोनू कुमार ने 30 जुलाई को थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उसके मुताबिक गांव के ही उदय कुमार (जो 45 साल से अमेरिका में रहकर व्यवसाय करते हैं) ने नौकरी दिलाने का झांसा दिया और फर्जी कागजात के जरिए 2024 में उसे ब्राजील भेज दिया।
वहां पहुंचने के बाद सोनू को अंतरराष्ट्रीय तस्करों के हवाले कर दिया गया। करीब 50 दिन तक उसे छिपाकर अलग-अलग देशों के रास्ते अमेरिका पहुंचाने की कोशिश की गई। इस दौरान उदय कुमार ने पीड़ित के पिता को फोन करके पैसों की मांग की। मजबूरी में उन्होंने अपनी जमीन बेचकर करीब 45 लाख रुपये उनके रिश्तेदारों को दे दिए।
आखिरकार सोनू मैक्सिको होते हुए सैन डिएगो पहुंचा, लेकिन अमेरिकी सीमा पर पकड़ा गया और चार महीने डिटेंशन सेंटर में रहने के बाद मार्च 2025 में भारत डिपोर्ट कर दिया गया। घर लौटने के बाद जब उसने अपनी रकम वापस मांगी तो उसे धमकी दी गई। डर के कारण उसने थाने में शिकायत की।
हजारीबाग एसपी के निर्देश पर बनी टीम ने छापेमारी कर पांच लोगों को गिरफ्तार किया। इनके पास से कई मोबाइल फोन, बैंक दस्तावेज और व्हाट्सएप चैट मिले हैं जिनसे ठगी और मानव तस्करी के सबूत मिले हैं। अब तक की जांच में पता चला है कि इस गिरोह ने अब तक दर्जनभर लोगों को डंकी रूट से अमेरिका भेजा है।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी लालच में न आएं और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। मामले में बाकी आरोपियों और नेटवर्क की तलाश जारी है।

