झारखंड में अब कचरा गाड़ियों पर ट्रैकिंग सिस्टम, हर घर-दुकान को मिलेगा RFID टैग…

Jharkhand: आदित्यपुर नगर निगम अब शहर में कचरा प्रबंधन को और मजबूत करने जा रहा है। इसके तहत कचरा उठाने वाले सभी वाहनों में ट्रैकिंग सिस्टम और RFID रीडर लगाए जाएंगे। वहीं हर घर और दुकान को आरएफआईडी टैग से जोड़ा जाएगा ताकि यह पता लगाया जा सके कि किस क्षेत्र से कब और कितना कचरा उठाया गया।
नगर निगम का यह कदम लंबे समय से मिल रही शिकायतों को ध्यान में रखकर उठाया गया है। लोगों का कहना था कि कई बार कचरा गाड़ियां तय समय और स्थान पर नहीं पहुंचतीं।
इसको लेकर 31 जुलाई को नगर विकास विभाग के सचिव सूरज कुमार ने सभी नगर निकायों को पत्र जारी कर जल्द इस व्यवस्था को लागू करने के निर्देश दिए हैं।
इस तकनीक से कचरा उठाने की पूरी प्रक्रिया डिजिटल हो जाएगी। हर दिन की रिपोर्ट बनाई जाएगी और महीने के अंत में नगर निगम को भेजी जाएगी। इससे कचरा उठाव में हो रही लापरवाही पर रोक लगेगी और पूरे शहर में सफाई व्यवस्था पर निगरानी रखी जा सकेगी।
इसके अलावा आदित्यपुर नगर निगम ने शहर के सभी वार्डों में राजस्व शिविर लगाने का निर्णय लिया है। शनिवार से शुरू होने वाले इन शिविरों से नगर निगम को राजस्व बढ़ने की उम्मीद है।


