Jamshedpur: बिष्टुपुर के पंचभवन में 15 लाख की ज्वेलरी चोरी का खुलासा, 5 चोर गिरफ्तार…

Jamshedpur news: जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र के पंचभवन में 10 जुलाई की रात हुई 15 लाख की ज्वेलरी चोरी का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। इस मामले में पुलिस ने पांच चोरों को गिरफ्तार किया है।
शनिवार को एसएसपी पीयूष पांडेय ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में जुगसलाई के बलदेव बस्ती का रोहित साव उर्फ लल्ला, बागबेड़ा कॉलोनी का अमन कुमार उर्फ राहुल, बागबेड़ा गाड़ाबासा का आकाश पात्रो उर्फ एजे, एग्रिको शिव सिंह बागान का रजनीश लाल और एक अन्य शामिल हैं।
चोरों ने घर का स्लाइडर खुला पाकर अंदर घुसकर आलमारी में रखे सोने-चांदी के गहने चोरी कर लिए थे। घर के मालिक की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर विशेष टीम बनाई। सीसीआर डीएसपी मनोज ठाकुर के नेतृत्व में टीम ने जांच कर पांचों आरोपियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने चोरों के पास से 15 चांदी के सिक्के, 3 टूटी हुई सोने की हीरे जड़ी चूड़ियां, 31,500 रुपये नकद और 5 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।
एसएसपी ने बताया कि आरोपी पहले इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी किया करते थे। बिष्टुपुर में चोरी के दौरान जब आलमारी की चाबी मिल गई तो उन्होंने गहनों को भी चोरी कर लिया। बाद में इन्हें बेच दिया। मानगो में रजनीश लाल की दुकान पर चोरी का माल बेचा जाता था।
आरोपियों का आपराधिक इतिहास
अमन उर्फ राहुल के खिलाफ पहले से 10 मामले दर्ज हैं। रोहित उर्फ लल्ला और विकास उर्फ अंडा बच्चा पर 2-2 मामले हैं जबकि रजनीश लाल पर भी एक मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार इनकी गिरफ्तारी से शहर में अपराध पर लगाम लगाने में मदद मिलेगी।

