जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र! लखीपुरा आंगनबाड़ी केंद्र के पास जलजमाव से बच्चे परेशान, शिकायतों के बाद भी नहीं हुई कार्रवाई…

Jharkhand: चाकुलिया प्रखंड की मालकुंडी पंचायत स्थित लखीपुरा आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-64 इन दिनों जलजमाव की समस्या से जूझ रहा है। मुख्य सड़क के किनारे बने इस केंद्र के सामने बारिश का पानी लगातार जमा हो रहा है जिससे तालाब जैसी स्थिति बन गई है।
पानी रुकने से मच्छरों की संख्या बढ़ गई है बदबू फैल रही है और बच्चों के बीमार होने का खतरा लगातार बढ़ रहा है। केंद्र की सेविका सुधारानी महतो ने बताया कि जलजमाव और कचरे के कारण वातावरण दूषित हो चुका है।
उन्होंने बताया कि नमी के कारण भवन के गोदाम में चावल सुरक्षित रखना मुश्किल हो गया है। चावल में कीड़े लगने की वजह से उन्हें रोजाना अपने घर से चावल लाकर मध्यान्ह भोजन बनाना पड़ता है। इसके अलावा केंद्र में बिजली की भी सुविधा नहीं है जिससे गर्मी में बच्चों को बिना पंखे के पढ़ाई करनी पड़ती है।
सेविका ने बताया कि कई बार जनप्रतिनिधियों और पंचायत स्तर पर शिकायत की गई लेकिन अब तक जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं की गई। इस पर अंचल अधिकारी सह प्रभारी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी नवीन पुरती ने कहा कि मामले की जानकारी लेकर जल्द ही उचित कार्रवाई की जाएगी और जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी ताकि बच्चों को परेशानी न हो।

