सरायकेला में पुलिस का एंटी क्राइम अभियान असरदार, बिना नंबर प्लेट वाली संदिग्ध बाइक जब्त…

Jharkhand: सरायकेला-खरसावां जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस की ओर से चलाए जा रहे एंटी क्राइम अभियान का असर दिखाई देने लगा है। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत के निर्देश पर विभिन्न थाना क्षेत्रों में लगातार वाहन जांच की जा रही है।
इसी क्रम में बुधवार की शाम नीमडीह थाना क्षेत्र के मुरु गांव स्थित पुलिया के पास विशेष चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस को एक संदिग्ध मोटरसाइकिल मिली जिसकी नंबर प्लेट नहीं लगी थी और चालक भी मौके पर मौजूद नहीं था। शक के आधार पर पुलिस ने बाइक को जब्त कर लिया।
फिलहाल पुलिस बाइक मालिक का पता लगाने और वाहन के वैध दस्तावेजों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक जांच में आशंका है कि यह बाइक किसी आपराधिक घटना में इस्तेमाल की गई हो सकती है या फिर चोरी की हो सकती है। मामले की जांच सभी पहलुओं से की जा रही है।
लगातार हो रही सघन चेकिंग से इलाके के लोगों में पुलिस के प्रति भरोसा बढ़ा है और अपराधियों में डर का माहौल है। पुलिस ने साफ किया है कि जिले में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।

