1000245872 1

जमशेदपुर ग्रामीण क्षेत्र!! पोटका के भेलाईडीह स्कूल की इमारत जर्जर, 28 बच्चों की जान खतरे में…

खबर को शेयर करें
1000245872 1

Jamshedpur news:राजस्थान में हाल ही में स्कूल भवन गिरने की घटना ने पूरे देश को हिला दिया है। इसी तरह की तस्वीर झारखंड के पूर्वी सिंहभूम जिले के पोटका प्रखंड के हल्दीपोखर पंचायत अंतर्गत भेलाईडीह गांव से सामने आई है जहां उत्क्रमित प्राथमिक विद्यालय का भवन पूरी तरह जर्जर हो चुका है। इस खस्ताहाल इमारत में 28 मासूम बच्चे रोज़ डर के साए में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।

विद्यालय का करीब 60 प्रतिशत हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। बरसात के दिनों में छत से लगातार पानी टपकता है दीवारें सीलन से भर चुकी हैं और पानी रिसता रहता है। प्रधानाध्यापक सुरेंद्रनाथ सरदार ने बताया है कि तेज बारिश होने पर वे बच्चों को बरामदे में बैठाकर पढ़ाने को मजबूर होते हैं ताकि उन्हें सुरक्षित रखा जा सके।

प्रधानाध्यापक के अनुसार मरम्मत के लिए शिक्षा विभाग से केवल 10 हजार रुपये मिले थे जो नाकाफी साबित हुए। मरम्मत की कोशिश में छत के हिस्से गिरने लगे और हालात और खराब हो गए। कई बार शिकायत करने के बाद भी विभाग और प्रशासन की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन से अपील की है कि या तो नए भवन का निर्माण कराया जाए या बच्चों को किसी सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए। ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते कदम नहीं उठाए गए तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।