दक्षिण पूर्व रेलवे में हिन्दी के प्रचार-प्रसार पर जोर, राजभाषा समिति की बैठक सम्पन्न…

Azad Reporter desk: दक्षिण पूर्व रेलवे की क्षेत्रीय राजभाषा कार्यान्वयन समिति की वर्ष 2025 की तीसरी बैठक अपर महाप्रबंधक सौमित्र मजूमदार की अध्यक्षता में आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्यालय के सभी प्रधान विभागाध्यक्ष मौजूद रहे वहीं विभिन्न मंडलों के अपर मंडल रेल प्रबंधक वर्चुअल माध्यम से जुड़े।
बैठक में दक्षिण पूर्व रेलवे में हो रहे राजभाषा कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। अपर महाप्रबंधक ने हिंदी के प्रयोग और प्रसार को बढ़ावा देने के लिए कई सुझाव दिए और निर्देश दिया कि इन पर अमल किया जाए।
उन्होंने बताया कि पिछले तीन महीनों में वाणिज्य, चिकित्सा, सिग्नल, भंडार और निर्माण विभाग में हिंदी नोटिंग का अच्छा उपयोग हुआ है जिसे बनाए रखना जरूरी है। साथ ही मुख्यालय की महिला कर्मचारियों के लिए हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन कर विजेताओं को पुरस्कृत भी किया गया।
अपर महाप्रबंधक ने कहा कि ऐसे आयोजनों से कर्मचारियों में हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ती है। उन्होंने हर तिमाही में कम से कम एक हिंदी कार्यशाला आयोजित करने के निर्देश भी दिए। बैठक के दौरान राजभाषा विभाग की बीएनआर हिंदी ई-पत्रिका (अंक-9) का विमोचन भी किया गया।
बैठक का संचालन राजभाषा उप महाप्रबंधक बसंती टेटे ने किया और धन्यवाद ज्ञापन मुख्य राजभाषा अधिकारी नरेंद्र ने दिया।

