1000245870

Jamshedpur : बर्मामाइंस में अवैध पार्किंग पर लगी रोक, जाम से मिली राहत…

खबर को शेयर करें
1000245870

Jamshedpur news: बर्मामाइंस क्षेत्र में लंबे समय से जारी अवैध पार्किंग की समस्या पर अब रोक लगा दी गई है। इस कार्रवाई से स्थानीय लोगों को ट्रैफिक जाम से बड़ी राहत मिली है। यह बदलाव जमशेदपुर पूर्व की विधायक पूर्णिमा साहू की पहल का नतीजा है।

हाल ही में विधायक पूर्णिमा साहू भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ बर्मामाइंस के रघुवर नगर और भक्तिनगर क्षेत्र का दौरा करने पहुंचीं। दौरे के दौरान उन्होंने बीना रोड स्थित लिंडे इंडिया लिमिटेड के पास नुवोको सीमेंट प्लांट के भारी वाहनों की अवैध पार्किंग से हो रही जाम की समस्या को गंभीरता से उठाया। मौके पर ही उन्होंने टाटा स्टील प्रबंधन, जिला प्रशासन, ट्रैफिक डीएसपी और बर्मामाइंस थाना प्रभारी से फोन पर बात कर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

विधायक की इस पहल का असर अब साफ दिखाई दे रहा है। 24 से 30 जुलाई के बीच प्रशासन की सख्त निगरानी के बाद अब उस इलाके में कोई भी वाहन अवैध रूप से खड़ा नहीं किया जा रहा है।

बुधवार को विधायक के निर्देश पर उनके प्रतिनिधि गुंजन यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय लोगों से बातचीत की। नागरिकों ने बताया कि अवैध पार्किंग बंद होने से उन्हें काफी राहत मिली है।

गुंजन यादव ने इस त्वरित कार्रवाई के लिए जिला प्रशासन का आभार जताया और अपील की कि इस व्यवस्था को स्थायी रूप से बनाए रखा जाए ताकि भविष्य में लोगों को फिर से परेशानी का सामना न करना पड़े।

यह कदम शहरी यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधा सुधारने की दिशा में एक सकारात्मक उदाहरण बन गया है।