रांची में नो फ्लाइंग जोन घोषित, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के दौरे को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम…

Jharkhand: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु के झारखंड दौरे को देखते हुए राजधानी रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन ने बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से लेकर हिनू चौक, बिरसा चौक, अरगोड़ा चौक और राजभवन तक 200 मीटर के दायरे को ‘नो फ्लाइंग जोन’ घोषित कर दिया है। इस अवधि में ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून जैसी सभी उड़ान गतिविधियों पर पूरी तरह रोक रहेगी।
अनुमंडल दंडाधिकारी (सदर) उत्कर्ष कुमार ने बताया कि यह आदेश बीएनएसएस की धारा 163 के तहत 31 जुलाई सुबह 6 बजे से 1 अगस्त रात 10 बजे तक प्रभावी रहेगा।
राष्ट्रपति का कार्यक्रम
•31 जुलाई : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु दोपहर 12:20 बजे देवघर पहुंचेंगी और एम्स देवघर के दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। शाम 4 बजे देवघर से रवाना होकर 5:25 बजे रांची पहुंचेंगी और राजभवन में रात्रि विश्राम करेंगी।
•1 अगस्त : सुबह 9:30 बजे रांची से दुर्गापुर के लिए उड़ान भरेंगी और हेलीकॉप्टर से धनबाद जाएंगी। वहां 11:10 बजे आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के 45वें दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगी। दोपहर बाद 3:20 बजे धनबाद से दुर्गापुर लौटने के बाद दिल्ली के लिए रवाना होंगी।
राष्ट्रपति के इस दौरे को लेकर देवघर, रांची और धनबाद में पुलिस और सुरक्षाबलों की विशेष तैनाती की गई है ताकि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रहे।

