झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र : अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो ने दी सख्त हिदायत, अफसरों से की तैयारी पूरी रखने की अपील…

Jharkhand: झारखंड विधानसभा के आगामी मानसून सत्र (1 से 7 अगस्त) को सुचारू रूप से चलाने के लिए बुधवार को विधानसभा अध्यक्ष रवीन्द्र नाथ महतो ने राज्य के वरीय अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि सत्र के दौरान सभी विभाग पूरी तैयारी के साथ मौजूद रहें और विधायकों के सवालों के स्पष्ट व संतोषजनक उत्तर दें।
अध्यक्ष ने कहा कि सवालों के जवाब ऐसे हों जिससे न केवल प्रश्न पूछने वाले विधायक बल्कि पूरा सदन संतुष्ट हो। सदन में मंत्रियों द्वारा दिए गए आश्वासनों की गरिमा हर हाल में बनी रहनी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन विभागों के विधेयक सदन में पेश होने हैं उनकी प्रतियां समय पर सचिवालय को उपलब्ध कराई जाएं ताकि जनप्रतिनिधि समय रहते अध्ययन कर सकें।
उन्होंने खास तौर पर स्वास्थ्य, ऊर्जा और गृह विभाग के वरीय अधिकारियों को तैयारी दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। साथ ही कहा कि सभी वरीय अधिकारी सदन की दीर्घा में मौजूद रहें और सवालों के जवाब शाम 4 बजे तक सचिवालय को सौंप दें।
बैठक में संसदीय कार्य मंत्री ने भी कहा कि 4 अगस्त को पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा और उस दिन वित्त विभाग के अधिकारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें।
बैठक में मुख्य सचिव अलका तिवारी, डीजीपी अनुराग गुप्ता, गृह विभाग की प्रधान सचिव वंदना दादेल, विधानसभा प्रभारी सचिव माणिक लाल हेम्ब्रम, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की सचिव पूजा सिंघल सहित कई वरीय अधिकारी मौजूद थे।
मानसून सत्र का कार्यक्रम
•1 अगस्त : राज्यपाल की सहमति प्राप्त विधेयक पटल पर रखे जाएंगे और श्रद्धांजलि सभा होगी।
•4 अगस्त : 2025-26 का पहला अनुपूरक बजट पेश होगा।
•5 अगस्त : प्रश्नकाल और बजट पर चर्चा।
•6 अगस्त : प्रश्नकाल के बाद राजकीय विधेयक।
•7 अगस्त : प्रश्नकाल, राजकीय विधेयक और गैर-सरकारी संकल्पों पर चर्चा।
इस बार का मानसून सत्र 7 अगस्त तक चलेगा।

