1 अगस्त से शुरू होगा झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र, 4 अगस्त को पेश होगा अनुपूरक बजट…

Jharkhand: झारखंड विधानसभा का मॉनसून सत्र 1 अगस्त से 7 अगस्त तक चलेगा। इस छोटे सत्र को लेकर सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों ने अपनी-अपनी रणनीति तैयार कर ली है। सत्र के दौरान 4 अगस्त को वित्तीय वर्ष 2025-26 का पहला अनुपूरक बजट पेश किया जाएगा।
इस सत्र में कई महत्वपूर्ण विधेयक पेश किए जाने की संभावना है। इनमें आदिवासी भूमि के अवैध हस्तांतरण पर रोक के लिए आदिवासी संरक्षण विधेयक, खनन से होने वाले पर्यावरणीय नुकसान को कम करने और पुनर्वास नीति को मजबूत करने के लिए झारखंड खनन एवं पर्यावरण संरक्षण विधेयक, ग्राम पंचायतों को और सशक्त बनाने के लिए पंचायती राज संशोधन विधेयक 2025 और बढ़ते साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए साइबर अपराध निवारण विधेयक शामिल हो सकते हैं।
सत्ता पक्ष जहां अपनी उपलब्धियों को गिनाने और सरकार की योजनाओं का बचाव करने की तैयारी में है वहीं विपक्ष ने कम अवधि का सत्र बुलाने पर सवाल उठाया है। विपक्ष का कहना है कि वे इस दौरान सरकार से स्थानीय नीति, नियोजन नीति, भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, स्वास्थ्य सुविधाओं और राज्य की विकास गति जैसे मुद्दों पर जवाब मांगेंगे।
छोटे समय के बावजूद इस सत्र में कई अहम विधेयक और राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है।

