Bihar: पटना में तेज रफ्तार पिकअप ने ऑटो को मारी टक्कर, 1 की मौत, 3 घायल, गुस्साए लोगों ने सड़क जाम किया…

Jharkhand: राजधानी पटना के दीघा थाना क्षेत्र के रामजी चक में बुधवार सुबह एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए तुरंत पीएमसीएच (पटना मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल) भेजा गया जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप वाहन की तेज रफ्तार इस दुर्घटना की मुख्य वजह बताई जा रही है। हादसे के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने दीघा-रामजी चक मार्ग को जाम कर दिया और मुआवजे व दोषी चालक की गिरफ्तारी की मांग करते हुए सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन किया। इससे सड़क पर लंबे समय तक यातायात पूरी तरह ठप रहा।
सूचना पाकर दीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और भीड़ को समझाने की कोशिश की। पुलिस ने लोगों को आश्वासन दिया कि दोषी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

