झारखंड में नहीं मिल रहे दंत चिकित्सक, JPSC भर्ती में आधे से ज्यादा पद खाली…

Jharkhand: झारखंड में दंत चिकित्सकों की भारी कमी बनी हुई है। झारखंड लोक सेवा आयोग (JPSC) द्वारा दंत चिकित्सा पदाधिकारियों और वरीय दंत चिकित्सकों की भर्ती प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी आधे से ज्यादा पद खाली रह गए हैं।
आयोग ने मंगलवार को परिणाम जारी किया। 12 जिला दंत चिकित्सा पदाधिकारी के पदों में केवल 5 पर ही चयन हो सका। वहीं 20 वरीय दंत चिकित्सक के पदों में सिर्फ 10 अभ्यर्थी चुने गए।
समस्या यह रही कि आरक्षित श्रेणियों के लिए पर्याप्त योग्य अभ्यर्थी नहीं मिले। अनारक्षित वर्ग के सभी पदों पर चयन हो गया, लेकिन अनुसूचित जाति अनुसूचित जनजाति और पिछड़ा वर्ग के अधिकतर पद खाली रह गए।
29 अप्रैल को हुए साक्षात्कार के आधार पर जिला दंत चिकित्सा पदाधिकारी के पदों पर वी. महालक्ष्मी, रोहित, कामिनी लता, राजीव रंजन और विशाल का चयन हुआ। वहीं 9 मई को लिए गए साक्षात्कार में वरीय दंत चिकित्सक पदों के लिए 10 अभ्यर्थियों का चयन हुआ जिनमें प्रियाश्री, वी. महालक्ष्मी, प्रज्ञान दास, अमित कुमार, अंजनी कुमार शुक्ला, रोहित, मेघना चौहान, डॉ. रवि राज, तन्या और साजिया खातून शामिल हैं।
दो उम्मीदवारों का चयन दोनों पदों के लिए होने के कारण दो और पद स्वतः रिक्त रह जाएंगे।


