दुमका में करंट से युवक और मवेशी की मौत, ग्रामीणों में आक्रोश…

Jharkhand: झारखंड के दुमका जिले के शिकारीपाड़ा प्रखंड के मलूटी पंचायत के बांकीजोड़ गांव में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। खदान क्षेत्र में बिजली पोल में करंट आने से 22 वर्षीय युवक बणेश्वर मरांडी और उसकी भैंस की मौके पर ही मौत हो गई।
गांव के पास खदान तक बिजली पहुंचाने के लिए जो पोल लगाया गया था, उसमें इंसुलेटर नहीं लगा था। इस पोल से 11 हजार वोल्ट की हाई वोल्टेज बिजली गांव और खदान दोनों जगह सप्लाई की जा रही थी। ग्रामीणों के अनुसार खदान संचालक ने अपने ऑफिस तक बिजली ले जाने के लिए अलग पोल नहीं लगवाया जिससे यह हादसा हुआ।
मंगलवार को बणेश्वर मरांडी अपनी भैंस को चराने खदान के पास ले गया। वहां भैंस लोहे की रॉड के संपर्क में आ गई, जो बिजली पोल से जुड़ी थी। करंट लगने से भैंस छटपटाने लगी और जब बणेश्वर उसे बचाने दौड़ा तो वह भी करंट की चपेट में आ गया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
बणेश्वर मरांडी, झारखंड आंदोलनकारी स्वर्गीय चरण मरांडी का बेटा था। हादसे के बाद गांव में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने इस घटना को बिजली विभाग और खदान मालिक की लापरवाही बताया है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
मृतक के छोटे भाई नागेश्वर मरांडी ने बिजली विभाग और खदान संचालक अमरदीप के खिलाफ शिकारीपाड़ा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।

