पूर्वी सिंहभूम में स्वतंत्रता दिवस समारोह की भव्य तैयारी, अधिकारियों ने दिए दिशा-निर्देश
जमशेदपुर: 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिले में भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। समाहरणालय सभागार में हुई बैठक में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ समारोह की तैयारियों की समीक्षा की।मुख्य समारोह 15 अगस्त को सुबह 09:05 बजे गोपाल मैदान में ध्वजारोहण के साथ प्रारंभ होगा।
इससे पहले 14 अगस्त को सिद्धगोड़ा टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम होगा जिसमें विभिन्न स्कूलों और कॉलेजों के छात्र-छात्राएं प्रस्तुतियां देंगे।स्वतंत्रता दिवस के दिन जिला प्रशासन और प्रेस के प्रतिनिधियों के बीच फ्रेंडली फुटबॉल मैच का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही उत्कृष्ट अधिकारियों और टॉपर छात्रों को प्रशंसा पत्र दिए जाएंगे।उपायुक्त ने धालभूम अनुमंडल पदाधिकारी को स्वतंत्रता सेनानियों और उनके परिजनों को 14 अगस्त को शॉल और मिष्ठान्न देकर सम्मानित करने के निर्देश दिए।
स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों की प्रतिमाओं की सफाई और माल्यार्पण के लिए भी निर्देश दिए गए। स्कूली बच्चों द्वारा प्रभात फेरी का आयोजन किया जाएगा।स्वतंत्रता दिवस परेड का पूर्वाभ्यास 10 अगस्त से शुरू होगा, जो 13 अगस्त को फुल ड्रेस रिहर्सल के साथ संपन्न होगा। इसमें आरएएफ, डीएपी, जैप-6, होमगार्ड, एनसीसी, स्काउट्स और गाइड्स की टुकड़ियां शामिल होंगी।समारोह स्थल की तैयारी की जिम्मेदारी उप नगर आयुक्त, जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति को दी गई है, जो जुस्को के साथ समन्वय करेगा। जुस्को को मैदान की साफ-सफाई और रख-रखाव की जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही, यातायात व्यवस्था, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस की तैनाती के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है।


