1000242573

Jharkhand: हर जिला अस्पताल को मिलेंगे अब 4-4 नए एम्बुलेंस : स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी…

खबर को शेयर करें
1000242573

Jharkhand: राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा है कि झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था को जनता के अनुकूल और सशक्त बनाने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। उन्होंने रविवार को नामकुम स्थित लोक स्वास्थ्य संस्थान के प्रेक्षागृह में आयोजित सम्मान समारोह में यह बात कही।

इस मौके पर कायाकल्प, एनक्वास, लक्ष्य और मुस्कान जैसे कार्यक्रमों में बेहतर काम करने वाले 744 स्वास्थ्य संस्थानों को सम्मानित किया गया। रांची सदर अस्पताल को कायाकल्प श्रेणी में पूरे देश में पहला स्थान मिला है जिसके लिए 50 लाख रुपये का पुरस्कार मिला। इको-फ्रेंडली अस्पताल की श्रेणी में भी रांची सदर अस्पताल को पहला पुरस्कार और 10 लाख रुपये मिले। इसके अलावा सीएचसी ओरमांझी को इको-फ्रेंडली सीएचसी का पुरस्कार मिला।

स्वास्थ्य मंत्री ने इस मौके पर बड़ी घोषणाएं कीं। सभी जिला अस्पतालों को 4-4 नए एम्बुलेंस दिए जाएंगे। राज्य के गांवों तक 15,000 स्ट्रेचर उपलब्ध कराए जाएंगे ताकि मरीजों को खाट या मचिया पर लाने की मजबूरी खत्म हो सके। 6 नए मेडिकल कॉलेज खुल रहे हैं जिनमें एक जामताड़ा में भी होगा। रिम्स-2 की स्थापना समय पर पूरी होगी और राज्य में पहली बार रोबोटिक टेक्नोलॉजी से इलाज की सुविधा शुरू होगी।हाल ही में 126 विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की गई है।

कार्यक्रम में खिजरी विधायक राजेश कच्छप, अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह, एनएचएम के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा समेत कई अधिकारी और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद थे।