1000242469

झारखंड में नक्सलवाद और अपराध खत्म करने के लिए चलेगा बड़ा ऑपरेशन, सीमावर्ती राज्यों की बैठक में बनी रणनीति…

खबर को शेयर करें
1000242469

Jharkhand: झारखंड के सीमावर्ती इलाकों में नक्सलवाद, साइबर क्राइम और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए बड़ा अभियान चलाया जाएगा। इसी को लेकर छत्तीसगढ़ की ओर से पूर्वी क्षेत्रीय पुलिस समन्वय समिति (ERPC) की बैठक आयोजित की गई। इस बैठक में झारखंड के डीजीपी अनुराग गुप्ता के साथ बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा और पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक और वरिष्ठ अफसरों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए भाग लिया।

बैठक में तय हुआ कि नक्सल प्रभावित सीमा क्षेत्रों में चरणबद्ध और समयबद्ध अभियान चलाकर नक्सलियों का खात्मा किया जाएगा। खासतौर पर ओडिशा सीमा से सटे सारंडा जंगल में संयुक्त ऑपरेशन चलाने की योजना बनी। इसके अलावा, मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए चिन्हित चेकपोस्ट पर औचक जांच की जाएगी।

साइबर अपराध और फर्जी सिम कार्ड की बिक्री रोकने के लिए सभी राज्यों की पुलिस आपस में सूचनाएं साझा करेगी। अवैध शराब, अफीम, डोडा, ब्राउन शुगर और अन्य नशीले पदार्थों की तस्करी पर कड़ी नजर रखने की बात भी कही गई।

बैठक में यह भी तय हुआ कि सीमावर्ती थानों के बीच नक्सली गतिविधियों की जानकारी तुरंत साझा की जाएगी और खुफिया तंत्र को और मजबूत किया जाएगा। सभी राज्यों ने मिलकर नक्सलियों और संगठित अपराधियों के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाने पर जोर दिया।

बैठक में झारखंड पुलिस की ओर से डीजीपी अनुराग गुप्ता, आईजी प्रभात कुमार (विशेष शाखा), असीम विक्रात मिंज (एंटी नारकोटिक्स एवं साइबर क्राइम), ए. विजयलक्ष्मी (ट्रेनिंग) और माईकलराज एस. (अभियान) समेत कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।