1000242468

झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 1 अगस्त से, केवल 5 दिन होगी कार्यवाही, विपक्ष और सत्ता पक्ष आमने-सामने…

खबर को शेयर करें
1000242468

Jharkhand: झारखंड विधानसभा का मानसून सत्र 1 अगस्त 2025 से शुरू होकर 7 अगस्त तक चलेगा। यह सत्र कुल सात दिनों का होगा लेकिन इनमें से केवल 5 दिन ही कार्य दिवस निर्धारित किए गए हैं। पहले दिन की औपचारिक कार्यवाही को छोड़ दिया जाए तो विधायकों को अपने क्षेत्रों की समस्याएं और मुद्दे उठाने के लिए सिर्फ चार दिन ही मिल पाएंगे।

सत्र को छोटा रखने को लेकर विपक्ष ने सरकार पर आरोप लगाया है। भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक ने कहा “सात दिनों का सत्र कहने को है लेकिन वास्तव में चार दिन ही सदन चलेगा। सरकार मुद्दों पर बहस से बचने के लिए समय सीमित कर रही है। हम इस छोटे से समय में भी सरकार को घेरने का कोई मौका नहीं छोड़ेंगे।”

वहीं सत्ता पक्ष ने विपक्ष के आरोपों को खारिज कर दिया। मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा “भाजपा को पहले अपने शासित राज्यों की स्थिति देखनी चाहिए। मैं उत्तराखंड की प्रभारी रही हूं वहां 2-3 दिनों में ही सत्र निपटा दिया जाता है। झारखंड में हमेशा मानसून सत्र एक सप्ताह का ही रहता आया है और उसी परंपरा के तहत इस बार भी सत्र को संक्षिप्त रखा गया है।”

झारखंड विधानसभा में मानसून सत्र की अवधि पहले भी ज्यादातर कम ही रही है। कुछ प्रमुख आंकड़े इस प्रकार हैं –

17-08-2001 से 24-08-2001 : 6 दिन

20-08-2002 से 26-08-2002 : 5 दिन

05-09-2003 से 10-10-2003 : 8 दिन

02-08-2004 से 19-08-2004 : 5 दिन

17-08-2007 से 22-08-2007 : 4 दिन

19-09-2008 से 25-09-2008 : 5 दिन

26-08-2011 से 03-09-2011 : 5 दिन

13-08-2012 से 06-09-2012 : 5 दिन

18-07-2013 से 27-07-2013 : 4 दिन

01-08-2014 से 06-08-2014 : 5 दिन

18-09-2020 से 22-09-2020 : 3 दिन

03-09-2021 से 09-09-2021 : 5 दिन

22-07-2022 से 04-08-2022 : 5 दिन

05-09-2022 से 11-11-2022 : 7 दिन

28-07-2023 से 04-08-2023 : 6 दिन

26-07-2024 से 02-08-2024 : 5 दिन

सत्र को लेकर विधानसभा सचिवालय की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं सत्र शुरू होने से पहले ही राजनीतिक पारा चढ़ गया है। विपक्ष सत्र की अवधि को मुद्दा बना रहा है जबकि सत्ता पक्ष इसे परंपरा बता रहा है।

भले ही मानसून सत्र की अवधि कम हो लेकिन संभावना जताई जा रही है कि सदन में कई अहम मुद्दों पर गहमागहमी और हंगामा देखने को मिलेगा।